21 जून को रुड़की में होगी जन निर्माण पार्टी की घोषणा, विधायक उमेश कुमार और सोनिया शर्मा ने किया आह्वान
लक्सर:- उत्तराखंड की राजनीति में नए राजनीतिक दल जन निर्माण पार्टी का आगाज होने जा रहा है। आगामी 21 जून को सुबह 10:00 बजे रुड़की के होटल सेंट्रम में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान इस पार्टी की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसी सिलसिले में लक्सर कैंप कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने मीडिया को बताया कि इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के साथ-साथ यूपी, हरियाणा और राजस्थान से भी भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि खानपुर विधायक उमेश कुमार आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव इसी पार्टी के बैनर तले लड़ेंगे।
कार्यक्रम में पहुंचे विधायक उमेश कुमार ने पार्टी को अपना पूरा समर्थन देते हुए कहा कि यह दल पूरी तरह भ्रष्टाचार मुक्त होगा और गरीब, किसान, पिछड़े व आम आदमी की मजबूत आवाज बनेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की सोच के साथ पार्टी बिना किसी जल्दबाजी के धीरे-धीरे मजबूती से आगे बढ़ेगी।
लक्सर कैंप कार्यालय से सभी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता से 21 जून को सुबह 10 बजे रुड़की के होटल सेंट्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।







